कांगड़ा। पुलिस थाना कांगड़ा के अंतर्गत पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर खोली गांव में सेना के ट्रक और स्कूटी की टक्कर में स्कूटी के पीछे बैठे युवक की मौत हो गई। वहीं स्कूटी चालक को भी चोटें आई हैं। मृतक युवक की पहचान राकेश भाटिया (23) पुत्र विनय कुमार निवासी समलोटी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार राकेश स्कूटी चालक कर्णवीर के साथ पेट्रोल डलवाने जा रहा था। इस दौरान खोली गांव में सेना के वाहन के साथ स्कूटी की टक्कर हो गई। इसमें मौके पर ही राकेश की मृत्यु हो गई। वहीं टक्कर मारने के बाद सेना के ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया था. जिसे शाहपुर में पकड़ लिया गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की ओर सें इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी गई।
नौजवान बेटे का शव देखकर परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। राकेश की दो बहनें हैं। कांगड़ा थाना के प्रभारी विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। वहीं शव का टांडा अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।