नगरोटा सूरियां/ बरियाल (कांगड़ा)। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की लंज शाखा की ओर से क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में वीरवार को एसबीआई लंज के शाखा प्रबंधक रक्षित रैणा के नेतृत्व में स्टाफ सदस्यों और विद्यार्थियों के सहयोग से राजकीय महाविद्यालय लंज और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल गाहलियां के परिसर में 200 विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय शर्मा ने पौधों को सर्वोत्तम जीवन पालक की संज्ञा देते हुए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे इस प्रयास की सराहना की। शाखा प्रबंधक रक्षित रैणा ने विद्यार्थियों और महाविद्यालय स्टाफ को इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि एसबीआई लंज का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण में सकारात्मक योगदान देना है।