देहरी कॉलेज में आयोजित संस्कृत दिवस पर कार्यक्रम में भाग लेते प्राध्यापकगण व विद्यार्थी। स्रोत:
भारतीय संस्कृति की धरोहर है संस्कृत : डॉ. सुखदेव
देहरी कॉलेज में संस्कृत दिवस पर हुआ कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
राजा का तालाब (कांगड़ा)। वजीर राम सिंह राजकीय महाविद्यालय देहरी के संस्कृत विभाग की ओर से कॉलेज के वर्चुअल कक्ष में संस्कृत दिवस का आयोजन किया गया। इसमें लेफ्टिनेंट डॉ. शशि कुमार ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। प्राध्यापकों ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. सुखदेव ने संस्कृत की भूमिका विषय पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने संस्कृत को भारतीय संस्कृति की धरोहर बताया। मुख्यातिथि ने संस्कृत की वैज्ञानिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संस्कृत सिर्फ एक भाषा नहीं, बल्कि वैज्ञानिक मानकों पर आधारित एक अद्वितीय संरचना है। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया गया। इनमें 52 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। भाषण प्रतियोगिता में हर्षिता मिश्रा, गुरप्रीत कौर, शिखा चौधरी, संजना, रूपाली और सिया शर्मा ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अंजलि शर्मा, सुनैना देवी और अंकिता राणा ने संस्कृत गीत गाकर सभी का मन मोह लिया। इस दौरान आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें खाद्य वस्तुओं और दैनिक उपयोग की वस्तुओं को उनके संस्कृत नामों के साथ प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में प्रो. विकास भसीन, प्रो. रोहित, डॉ. देवेंद्र सिंह, प्रो. राहुल कौंडल, प्रो. दीप, डॉ. सुरिंदर कुमार और प्रो. राकेश गर्ग ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। अंत में डॉ. सुखदेव ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।