धर्मशाला। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष और विजयदशमी पर मंगलवार को घरोह खंड ने चड़ी बाजार में पथ संचलन निकाला। अनुशासित कदमताल के साथ स्वयंसेवकों ने राष्ट्रसेवा और सामाजिक एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम अध्यक्ष एवं बार एसोसिएशन धर्मशाला के प्रधान अंकुर सोनी ने बढ़ते नशे पर चिंता जताई। उन्होंने युवाओं को नशे से बचाने के लिए पारिवारिक व राष्ट्रीय मूल्यों के संरक्षण का आह्वान किया। मुख्य वक्ता एवं जिला कार्यवाह सुधीर कुमार ने कहा कि 1925 में विजयदशमी के दिन संघ की स्थापना हुई थी। शाखाओं के माध्यम से संस्कार, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना पैदा होती है। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया के सीमित और सकारात्मक उपयोग की अपील की। कार्यक्रम में विभाग कार्यवाह सुशील कुमार और खंड संघचालक अशोक कुमार भी मौजूद रहे। ब्यूरो