कांगड़ा। फोरलेन सड़क निर्माण के कारण बाधित रास्तों की वजह से परेशान तीन पंचायतों के लोगों ने संयुक्त बैठक की। यह बैठक ललेहड़ पंचायत में प्रधान इंदिरा देवी की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने बताया कि पंचायत ललेहड़ की आबादी 1495, जोगीपुर की 4534 और कछयारी की आबादी 2704 है। इन तीनों पंचायत के कई रास्ते फोरलेन सड़क निर्माण के बाद पूरी तरह बाधित हो चुके हैं। इससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। पंचायत के लोगों को श्मशानघाट के रास्ते में जाने के लिए भी दिक्कत हो रही है। वहीं खेतीबाड़ी के लिए जाने के लिए भी परेशानी हो रही है। कछयारी गांव के पास फोरलेन के साथ दोनों ओर अतिरिक्त सर्विस लेन बनाई गई है, जबकि ललेहड़ में कोई सर्विस लेन नहीं बनाई गई। इस संदर्भ में उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भी भेजे जा चुके हैं, लेकिन अभी तक आश्वासन ही मिले हैं। इस मामले में उन्होंने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप की मांग की है।