कांगड़ा। नंदरूल घाटी में वीरवार देर शाम किसी इंसान के खाई में फंसने और मदद के लिए उसकी आ रही आवाजों की संभावना को लेकर चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन शुक्रवार को संपन्न हो गया। वीरवार से सनसनी बने इस मामले का पटाक्षेप यह निकला कि रेस्क्यू में यहां कोई इंसान तो नहीं मिला, लेकिन खाई के साथ झाड़ियों में एक कुत्ता फंसा था।
मामला तब सामने आया जब नंदरूल रोड से गुजर रही कुछ महिलाओं ने खाई में से किसी के चीखने की आवाजें सुनीं। बस तब क्या था एकाएक कयास लगा लिए गए कि कोई व्यक्ति खाई में फंस गया है और वह मदद के लिए चिल्ला रहा है। मामले की सूचना प्रशासन को दी गई। एसडीएम इशांत जसवाल, डीएसपी अंकित शर्मा और एसएचओ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर खड़े लोगों से मामले को जाना और रेस्क्यू शुरू कर दिया। ड्रोन की मदद से खाई की छानबीन की। एसडीआरएफ, दमकल विभाग की टीमें बुलाईं। रात बढ़ती गई और रेस्क्यू रोकना पड़ा। शुक्रवार तड़के फिर टीमें रेस्क्यू करने पहुंची। करीब दस घंटे चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान खाई में कोई व्यक्ति नहीं, बल्कि एक कुत्ता झाड़ियों में फंसा मिला। एसडीएम इशांत जसवाल ने कहा कि मौके पर पहुंच कर यही जानकारी मिली कि जिस तरह से आवाजें आ रही हैं, वह एक इंसान की भी हो सकती हैं। इसलिए ऑपरेशन चलाया गया।