पालमपुर (कांगड़ा)। जिले में हुई बारिश गेहूं की फसल की बिजाई के लिए अति उत्तम मानी जा रही है। किसान कई दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे थे। खास कर यह बारिश चंगर क्षेत्र में गेहूं की बिजाई के लिए काफी लाभदायक है। इसके साथ ही यह अन्य सब्जियां व घास आदि के लिए भी ठीक है। बुधवार को हुई बारिश से धौलाधार पालमपुर की पहाड़ियों पर बर्फबारी होने के साथ ठंड भी बढ़ गई। पंद्रह अक्तूबर के बाद बारिश हुई है। हांलाकि, पलम क्षेत्र में गेहूं की बिजाई कूहलों की सिंचाई से भी हो जाती है लेकिन चंगर क्षेत्र में होने वाली गेहूं की बिजाई के लिए यह बारिश अति लाभदायक मानी जा रही है। देहरा, नूरपुर, इंदौरा, कांगड़ा, शाहपुर, नगरोटा बगवां, परागपुर का चंगर इलाका, ज्वालामुखी, बैजनाथ का धार क्षेत्र, धीरा और थुरल का इलाका बारिश पर निर्भर करता है। कृषि विभाग के जिला उप निदेशक डा. राहुल कटोच ने कहा क यह बारिश गेहूं की बिजाई, घास व सब्जियों के लिए अच्छी है। खास कर चंगर इलाके के लिए यह बारिश अति उत्तम है। हालांकि गेहूं की बिजाई का समय पंद्रह नवंबर से अच्छा होता है, लेकिन चंगर क्षेत्र में यह बारिश पर निर्भर करता है।