बैजनाथ (कांगड़ा)। सामाजिक संस्था भारत विकास परिषद की बैजनाथ पपरोला शाखा की बैठक पपरोला में पर्यवेक्षक संजय सूद और प्रांत महासचिव डॉ. वीरेंद्र कौल की अध्यक्षता में हुई। इसमें शाखा के समस्त सदस्यों ने भाग लिया। भारत विकास परिषद के महासचिव अनुज आचार्य ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं राष्ट्र गीत वंदेमातरम के गायन के साथ हुई। पूर्व कोषाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र सूद ने गत वर्ष के आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया। पूर्व शाखा अध्यक्ष प्रीतम भारती ने पिछले वर्ष शाखा की ओर से संचालित सामाजिक गतिविधियों की जानकारी आमसभा के समक्ष रखी। इस दौरान खुशी सूद, राजीव, संजीव उपाध्याय, वीरेंद्र सूद और युद्धवीर राणा को बैज लगाकर शाखा का नया सदस्य बनाकर उनका स्वागत किया गया। प्रांत मीडिया प्रभारी संजय सोनी ने बताया कि शाखा के सदस्यों की संख्या अब 40 हो गई है। भविष्य में और नए सदस्य संस्था के साथ जुड़ेंगे। शाखा के सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रीतम भारती को अध्यक्ष और अनुज आचार्य को सचिव जबकि हरीश अरोड़ा को कोषाध्यक्ष का दायित्व दिया। भारत विकास परिषद शाखा बैजनाथ पपरोला के सलाहकार एवं साहित्यकार शक्ति चंद राणा ने सभी का धन्यवाद किया। बैठक में डीआर ठाकुर, अनिल नंदा, डॉक्टर शिव गौतम, शक्ति चंद राणा, अनिल भारद्वाज, पवन कौंडल और दीक्षांत गुप्ता मौजूद रहे।