धर्मशाला। जिला मुख्यालय में जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के खेल परिसर में अब प्रवेश के लिए खिलाड़ियों और अन्य लोगों को अधिक फीस चुकानी पड़ सकती है। इसके अलावा ट्रैक और इंडोर की बुकिंग के लिए भी अधिक फीस देनी होगी।मंगलवार को करीब पांच साल बाद होने वाले खेल परिसर प्रबंधन कमेटी की बैठक में प्रवेश फीस बढ़ाने के प्रस्ताव सहित अन्य मुद्दों को मंजूरी प्रदान की करने की तैयारी है।
जानकारी के अनुसार सिंथेटिक ट्रैक और इंडोर स्टेडियम में एथलेटिक्स और बैडमिंटन खेल के अलावा जिम के आने वाले छात्र और नॉन छात्रों को पहले मुकाबले अब प्रतिमाह 50 से 200 रुपये अधिक चुकाने पड़ सकते हैं। वर्तमान में सिंथेटिक ट्रैक में अभ्यास करने के लिए छात्रों को 75 रुपये और नॉन छात्रों को 200 रुपये देना पड़ता है। जबकि अब कमेटी की बैठक के बाद फीस प्रति माह छात्र 120 रुपये और नॉन छात्र 300 रुपये हो सकती है। इसके अलावा इंडोर स्टेडियम में प्रैक्टिस करने आने वाले छात्रों को 250 रुपये की जगह 300 रुपये और नॉन स्टूडेंट को 400 रुपये की बजाय 550 रुपये देने होंगे।
वहीं, जिम में अभ्यास करने वाले छात्रों को 400 रुपये की जगह 550 रुपये और नॉन स्टूडेंट को 500 रुपये की जगह 650 रुपये तक प्रतिमाह फीस देने होगी। सरकारी संस्थानों को ट्रैक और इंडोर के लिए प्रतिदिन बुकिंग के लिए 5,000 की बजाय 10,000 रुपये तक देने पड़ सकते है। वहीं, निजी संस्थाओं को 30,000 रुपये की बजाय 40,000 रुपये देने होंगे।
17 सितंबर को होने वाली खेल परिसर प्रबंधन कमेटी की बैठक में खेल परिसर की फीस बढ़ाने सहित अन्य मुद्दों का प्रस्ताव रखा जाएगा। पिछले पांच साल कमेटी की बैठक न होने के चलते हर वर्ष फीस नहीं बढ़ाई गई थी। अब पिछले पांच साल की फीस की 10 प्रतिशत के हिसाब से बढ़ाने का प्रस्ताव रखा जाएगा। इसके अलावा परिसर के विकास कार्यों को लेकर भी प्रस्ताव को मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
सन्नी कुमार, कार्यकारी खेल अधिकारी कांगड़ा