खैरा (कांगड़ा)। श्री सत्य साईं बाबा के 100वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में समूचे भारत में 24 अप्रैल को प्रशांति निलयम पुट्टापर्थी से रवाना हुए पांच प्रेम प्रवाहिनी रथों में से एक दिव्य रथ रविवार को खैरा पहुंचा। साईं संगठन जिला कांगड़ा के उपाध्यक्ष रोशन लाल रैना की अगवाई में प्रेम और मानव सेवा का पैगाम दे रहे रथ का दोपहर बाद 4:00 बजे गायत्री मंदिर ठंडोल में साईं सेवा समिति खैरा ने भव्य स्वागत किया। खैरा समिति के समन्वयक अंशुल मेहरा ने बताया कि ठंडोल से शोभायात्रा खैरा तक निकाली गई। उसके बाद सती मां सुन्यारी मंदिर खैरा में पूजा अर्चना के बाद शोभायात्रा साईं प्रशांति मंदिर खैरा पहुंची। सत्य साईं के जयकारों तथा साईं साधकों की उमड़ी भीड़ ने संपूर्ण खैरा नगरी को भक्तिरस में डूबो दिया। इस दौरान बाल विकास कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें बच्चों ने अपनी-अपनी प्रस्तुतियां दीं।