संसारपुर टैरेस (कांगड़ा)। पठानकोट डिपो की डाडासीबा से तलवाड़ा बस पिछले तीन दिन से रूट पर न आने से यात्रियों, स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार, वीरवार और शुक्रवार को यात्री और बच्चे अपने गंतव्य पर जाने के लिए बस स्टैंड पर खड़े रहे, लेकिन तीन दिन से बस नहीं आने से लोगों खासकर विद्यार्थियों ने प्रशासन के प्रति रोष प्रकट किया है। परिवहन की यह पहली बस सुबह 6:30 बजे डाडासीबा से स्यूलखड्ड, मेहड़ा और घाटी होते हुए तलवाड़ा पहुंचती है।
सुबह के समय इस बस में संसारपुर टैरस में उद्योगों में काम करने वाले कर्मचारी सफर करते हैं और स्कूल, कॉलेज के बच्चे भी इस बस में सफर करते हैं। स्थानीय निवासी अमित, दिलबाग, अरुण, अजय, सुनील, मोहित और राज आदि ने सरकार और परिवहन निगम से मांग की है कि रविवार को भी इस बस को सुचारू रूप से चलाया जाए। वहीं, विद्यार्थियों ने मांग की है कि बस इस रूट पर भेजी जाए, ताकि हम समय पर अपने स्कूल तक पहुंच सकें। उधर, पठानकोट डिपो के आरएम गोपाल ने बताया कि वह छुट्टी पर थे और इस बारे में मुझे कुछ जानकारी नहीं है। वहीं, रविवार को डिपो से ही बस बंद रखने का आर्डर है।