धर्मशाला। नगर निकायों के अंगर्गत अब घर-भवन बनाने के लिए नक्शों की स्वीकृति ऑनलाइन माध्यम से एक सिंगल पोर्टल पर प्रदान की जाएगी। यदि घर का नक्शा इस पोर्टल पर अपलोड करने के बाद कोई कमी पाई जाती है तो आवेदक उसे ऑनलाइन देखकर ही आवश्यक दस्तावेज जमा करवा पाएंगे।
इसी पोर्टल के माध्यम से 500 वर्गमीटर तक के आवासीय नक्शों की अनुमति भी दी जाएगी। इससे लोगों को अपने घरों और भवनों के नक्शे पास करवाने के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। फिलहाल धर्मशाला नगर निगम में लोगों को जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र आदि की सुविधा ऑनलाइन मिल रही है, लेकिन टैक्स ऑनलाइन की सुविधा नहीं मिल रही है।
इसके अलावा शहरी निकायों के कार्य में सुधार और आम जनता की सुविधा के लिए शहरी निकायों की कार्यप्रणाली को डिजिटल किया जाएगा। इसके लिए राज्य स्तर पर एक स्टेट प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग यूनिट की स्थापना की जाएगी, जो कि विशेषज्ञों के माध्यम से शहरी निकायों की कार्यप्रणाली की ऑनलाइन प्लानिंग, कार्यान्वयन, निगरानी और रिपोर्टिंग में सहायक सिद्ध होगी।
शहरी निकायों में विभिन्न शुल्क एवं टैक्स ऑनलाइन इकट्ठे किए जा सकेंगे। साथ ही विभिन्न प्रमाणपत्र और एनओसी ऑनलाइन जारी किए जा सकेंगे। इसी के अन्तर्गत शहरी निकायों के खाते को भी डिजिटलाइज किया जाएगा। नगर निगम धर्मशाला में गरीब वर्ग के लोगों को मकान आवंटित किए जाएंगे, जिनकी वार्षिक आय 3 लाख रुपये से कम है। पात्रता मानदंडों को पूरा करने वाले अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी वर्ग और विधवाओं, निराश्रित महिलाओं को इसका लाभ मिल सकेगा।
नए भवनों में ‘सोलर वाॅटर हीटिंग सिस्टम’ लगाना अनिवार्य
सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए जिले के पालमपुर और धर्मशाला नगर निगमों में सभी घरेलू उपभोक्ताओं को एनओसी प्राप्त करने के लिए नए भवनों में ‘सोलर वाॅटर हीटिंग सिस्टम’ लगाना अनिवार्य किया जाएगा और इन निगमों में स्थित सरकारी भवनों की छत पर चरणबद्ध तरीके से सोलर प्लांट लगाने होंगे।
- नगर निकायों में अब लोगों को अपने घरों के नक्शे पास करवाने के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। लोगों को यह सुविधा ऑनलाइन मिलेगी। इससे लोगों का समय बचेगा और काम भी आसानी से हो जाएगा।
- सपना, निवासी दाड़ी।
- नगर निकायों में लोगों को ऑनलाइन सुविधा मिलने से काफी राहत मिलेगी। किसी प्रकार के प्रमाणपत्र और टैक्स जमा करवाने के लिए कार्यालय नहीं जाना पड़ेगा। ऑनलाइन सुविधा का लाभ लोग घर बैठे ही प्राप्त कर सकेंगे, जिससे लोगों के समय की बचत होगी।
- अभी राणा, निवासी रामनगर।
- नगर निगम धर्मशाला में फिलहाल कुछेक सुविधाएं ही ऑनलाइन लोगों को मिल पा रही हैं, लेकिन मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद जल्द अब घर बैठे लोगों को प्रमाणपत्र मिल सकेंगे। वहीं, जिनकी आय 3 लाख रुपये से कम है उन्हें मकान देने का फैसला सराहनीय है।
- अंशुल पंचकरण, निवासी धर्मशाला।