धर्मशाला। जिले में बढ़ रही ठंड के चलते सर्दी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या में भी रोजाना बढ़ोतरी हो रही है। इसके चलते सरकारी अस्पतालों में ओपीडी बढ़ गई है। हालांकि ज्यादातर लोग या तो मेडिकल स्टोरों से दवाई लेकर काम चला रहे हैं या फिर निजी क्लीनिकों का रुख कर रहे हैं। अकेले जोनल अस्पताल धर्मशाला में रोजाना 100 से अधिक बुखार, सर्दी और जुकाम के मरीज स्वास्थ्य जांच करवाने के लिए पहुंच रहे हैं। मरीजों की बढ़ती तादाद को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि जिले में बढ़ रही ठंड के कारण दोपहर और रात के समय हो रहे तापमान में बदलाव के चलते ऐसे मरीज बढ़ रहे हैं। दिन को धूप और शाम के समय ठंड हर वर्ग के लोगों को बुखार, सर्दी और जुकाम की चपेट में ले रही है।
मौसमी परिवर्तन के चलते जिले में बुखार, सर्दी और जुकाम के मरीजों में इजाफा हो रहा है। ऐसे में लोग गर्म कपड़े पहनने के साथ ही विशेष सावधानी बरतें। साथ ही रोगों की चपेट में आने पर नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान में अपनी जांच करवाएं। - डॉ. सुशील कुमार शर्मा, सीएमओ, जिला कांगड़ा।