डमटाल (कांगड़ा)। जिला कांगड़ा पेंशनर संघ के प्रधान कृष्ण स्वरूप शर्मा ने पेंशनरों से अनुरोध किया है कि जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाने का काम शुरू हो गया है। सभी अपना जीवन प्रमाण पत्र समय पर जमा करवाएं, जिससे पेंशन लेते समय उन्हें मुश्किलों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जीवन प्रमाण पत्र जिला कोषाधिकारी कार्यालय अथवा अपने क्षेत्र के उप-कोषाधिकारी के कार्यालय में जमा करवा सकते हैं। प्रधान ने कहा कि कई बार पेंशनर ऐसा करना भूल जाते हैं और उनकी पेंशन बंद हो जाती है। जो पेंशनर विभिन्न जगहों अथवा प्रदेश से बाहर रहते हैं, वे अपना जीवन प्रमाण पत्र किसी भी राजपत्र अधिकारी से सत्यापित करवा कर जिला कोषाधिकारी धर्मशाला के कार्यालय में पंजीकृत पत्र के माध्यम से भेज सकते हैं। साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि पेंशनरों की लंबित मांगों को शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने संघ की ओर से अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए भगवान से उनकी आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।