गंगथ (कांगड़ा)। पेंशनर्स संघ इकाई गंगथ ने प्रदेश सरकार से दिवाली से पहले पेंशनरों को 15 प्रतिशत महंगाई भत्ता जारी करने की मांग की है। संघ ने लंबे समय से लंबित मेडिकल बिलों का जल्द भुगतान करने की मांग भी उठाई। इसके अलावा मेडिकल विकल्प पत्र के साथ 1,000 रुपये मासिक चिकित्सा भत्ता देने की मांग को प्रमुखता से रखा। पेंशनरों ने कहा कि उनकी लंबित मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार कर जल्द उचित कदम उठाने चाहिए। इकाई के प्रधान मास्टर मेला राम की अध्यक्षता में शनिवार को आयोजित बैठक में पेंशनरों की विभिन्न मांगों पर चर्चा की गई। बैठक की शुरुआत में दिवंगत पेंशनरों की आत्मिक शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। बैठक में मास्टर कुंदन लाल वर्मा, मास्टर हरि सिंह, विनोद कुमार, गोपाल शास्त्री, बलवान सिंह, रमेश शास्त्री, अक्षय कुमार, जीवन शर्मा और मोती कलोत्रा सहित करीब 120 पेंशनर मौजूद रहे।