सुलयाली (कांगड़ा)। गर्मियों के मौसम में नमी और पसीना बढ़ने के चलते त्वचा संक्रमण के मामले भी आने शुरू हो गए हैं। आयुर्वेदिक चिकित्सालय सुलयाली में कुल मरीजों में से 10 फीसदी त्वचा संक्रमण से ग्रस्त मरीज प्रतिदिन ओपीडी में पहुंच रहे हैं। चिकित्सा प्रभारी डॉ. सन्नी जरियाल ने बताया कि त्वचा पर लाल चकत्ते, खुजली और कभी-कभी फोड़े होना फंगल इन्फेक्शन के लक्षण हैं। यह संक्रमण हाथ, पैर, जांघ और गुप्तांगों के आसपास ज्यादा होता है। चिकित्सकों की सलाह के बिना दवाएं लेना, नमी वाले कपड़े देर तक पहनना, कमजोर इम्यूनिटी, टाइट कपड़े पहनना और एंटीबायोटिक्स का ज्यादा सेवन इसके कारण हैं। गर्मियों के मौसम में इन संक्रमण से बचने के लिए दिन में एक बार स्नान जरूर करना चाहिए। शरीर को अच्छी तरह सुखाएं, ढीले, सूती कपड़े पहनने चाहिए। गीले कपड़े पहनने से बचना चाहिए और संक्रमण के लक्षण दिखते हैं तो चिकित्सक की सलाह पर ही दवाई लेनी चाहिए।