धर्मशाला। स्मार्ट सिटी धर्मशाला में करोड़ों की लागत से बनाए पार्क वर्तमान में अनदेखी के शिकार हो रहे हैं। दाड़ी स्थित पार्क की हालत ऐसी है कि यह पार्क कम, जंगल ज्यादा नजर आ रहा है। इन झाड़ियों के बीच ही वहां बच्चे अपनी जान के खतरे में डाल कर खेल रहे हैं। अनदेखी के कारण कभी भी कोई घटना वहां हो सकती है, लेकिन अधिकारी-कर्मचारी गहरी नींद सोए हुए हैं।
बरसात के मौसम में इस तरह की लापरवाही किसी भी बच्चे पर भारी पड़ सकती है। पार्क में उगी झाड़ियों और उसकी दयनीय स्थिति की पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। लोग कह रहे हैं कि नगर निगम को सफाई व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए। सफाई व्यवस्था बनाए रखना संबंधित वार्ड पार्षद का भी काम है। वहीं, कुछ लोगों की कहना है कि लोगों के टैक्स के पैसे का दुरुपयोग किया जा रहा है। वहीं, कुछ ने कहा कि अपनी जिम्मेदारी समझते हुए एक दिन श्रमदान कर वहां सफाई की जाए। कुछ लोगों ने इन लापरवाही के लिए नगर निगम को कोसा है।
नगर निगम क्षेत्र में सड़कों किनारे और पार्कों में बरसात के दौरान उगी झाड़ियों को जल्द साफ करवा दिया जाएगा। एमएमसैगी योजना के तहत मजदूरों को लगाकर सफाई की जाएगी, जिससे कि बच्चों सहित अन्य लोगों को किसी प्रकार का कोई खतरा पैदा न हो। हर वार्ड में 10-10 कर्मचारियों को सफाई के लिए लगाया जाएगा।
- नीनू शर्मा, मेयर, नगर निगम धर्मशाला