धर्मशाला। बिजली के स्मार्ट मीटर के विरोध को लेकर गगल की पंचायत भड़ियाड़ा और वैदी की महिलाएं निवर्तमान जिला परिषद सदस्य जोगिंद्र सिंह पंकू की अगुवाई में सोमवार को धर्मशाला डीसी कार्यालय पहुंचीं। महिलाओं ने डीसी हेमराज बैरवा के माध्यम से प्रदेश सरकार और राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। जोगिंद्र सिंह पंकू ने कहा कि एक तरफ प्रदेश सरकार आर्थिक संकट का रोना रो रही है, वहीं दूसरी तरफ स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन स्मार्ट मीटरों के माध्यम से आने वाले समय में बेरोजगारी और बढ़ेगी। जो गरीब घर के लोग बिल काटने आते थे, उनके परिवार का पालन-पोषण हो रहा था। उन्होंने कहा कि यदि उनके संबंधित जिला परिषद क्षेत्र में विद्युत बोर्ड का कोई भी विद्युत कर्मचारी गांव में स्मार्ट मीटर लगाने आएगा, तो उन्हें भी विरोध का सामना करना पड़ेगा और वापस भेज दिया जाएगा। इस दौरान निवर्तमान बीडीसी सदस्य भड़ियाड़ा कुशला देवी, वार्ड पंच आशा देवी, बिंदू वाला, महिला मंडल प्रधान निशा मिश्रा, वीना देवी, कल्पना, आशा कुमारी, सीता राम, धनी राम सहित अन्य मौजूद रहे। संवाद