देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। उप-रोजगार कार्यालय देहरा में शनिवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया, लेकिन इस रोजगार मेले में बेरोजगार युवाओं का रुझान कम रहा। रोजगार मेले में भरे जाने वाले 50 पदों के लिए मात्र पांच युवाओं ने ही हिस्सा लिया।
संबंधित कंपनी ने पांचों युवाओं का चयन कर लिया। वर्धमान कंपनी की सहायक उपक्रम ओरो टेक्सटाइल ने अप्रेंटिस और ऑपरेटर के 50 पदों के लिए रोजगार मेला उपरोजगार कार्यालय देहरा में रखा था, लेकिन शनिवार को मात्र पांच युवाओं ने ही हिस्सा लिया। हालांकि उम्मीद जताई जा रही थी कि इस रोजगार मेले में काफी बेरोजगार युवा हिस्सा ले सकते हैं, लेकिन इसमें पांच युवा ही शामिल हो सके। बताया जा रहा है कि पहले रोजगार मेले में आने के लिए ऑफलाइन ही पंजीकरण होता था, लेकिन अब ऑनलाइन पंजीकरण होने के कारण कई युवाओं को इसकी जानकारी नहीं थी। यदि युवाओं को इसकी जानकारी होती तो हो सकता था रोजगार मेले में हिस्सा लेने वाले युवाओं की संख्या अधिक होती। गत दिवस नूरपुर और पालमपुर में आयोजित साक्षात्कार में भी तीन-तीन महज छह अभ्यर्थियों ने ही भाग लिया।
उप रोजगार कार्यालय अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि वर्धमान कंपनी की सहायक उपक्रम ओरो टैक्सटाइल ने अप्रेंटिस और ऑपरेटर के 50 पदों के लिए रोजगार मेला उप रोजगार कार्यालय देहरा में रखा था। शनिवार को कुल पांच युवाओं ने ही हिस्सा लिया। जिनका चयन कर लिया गया है।