हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में बैजनाथ में पुलिस ने पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे पर गश्त के दौरान कार से चरस पकड़ने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान हेमंत कुमार (53) पुत्र दौलतराम निवासी गांव सोजा, जिला कुल्लू और रविंद्र शर्मा (30) पुत्र महिंद्र शर्मा निवासी गांव कलयूनी, जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी बैजनाथ सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि पुलिस टीम रविवार देर रात करीब 2:30 बजे नेशनल हाईवे पर गश्त कर रही थी। कार को सड़क पर खड़े देखा, जिसमें दो लोग बैठे थे। पुलिस को देखकर दोनों घबरा गए। कार की तलाशी ली तो एक किलो 660 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने दोनों आरोपियों को सात दिसंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।