धर्मशाला। ऑस्ट्रेलिया में चल रहे टी-20 विश्व कप में रविवार को खेले गए भारत-पाकिस्तान मैच में भारत की रोमांचक जीत के बाद धर्मशाला शहर में दर्शक खुशी से झूम उठे। जिले में कई जगह लोगों ने आतिशबाजी की और खूब पटाखे फोड़े।
मैच के दौरान शहर में बाजारों सहित घरों और जगह-जगह युवक झुंड बनाकर मोबाइल पर मैच देखते नजर आए। वहीं मैच में भारत की रोमांचक जीत के बाद दर्शकों ने झूमकर जीत की अपनी खुशी का इजहार किया। भारत की रोमांचक जीत के बाद दर्शकों ने अपनी खुशी कुछ इस तरह बयां की:
भारतीय टीम ने सबसे कीमती तोहफा
अमरजीत ने कहा कि टी-20 विश्व कप में भारत ने पाकिस्तान को शिकस्त देकर दीपावली के उपलक्ष्य में भारतीयों को सबसे कीमती तोहफा दिया है।
अंत तक कुछ भी हो सकता था
विशाल बरसोला ने कहा कि भारत-पाकिस्तान का मैच अंतिम बॉल तक रोमांच से भरपूर था। कभी भी कुछ भी हो सकता था। लेकिन अंत में भारतीय टीम विजेता बनी यह खुशी की बात है।
कोहली को जाता है जीत का श्रेय
अनिल कुमार ने बताया कि भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान विराट कोहली ने सूझबूझ के साथ मैच के अंत तक पारी को संभाले रखा और परिणाम में भारत को जीत मिली। भारतीय टीम की जीत का श्रेय विराट कोहली को जाता है।
अब दोगनी खुशी से मनेगी दीवाली
राजेश शर्मा ने बताया कि भारत-पाकिस्तान का मैच शुरू से ही हाई वोल्टेज मैच रहते हैं। रविवार को भी खेला गया मैच अंतिम बॉल तक गया, लेकिन इस बार भारतीय टीम ने पाकिस्तान की टीम को शिकस्त दे दी। दीपावली के अवसर पर यह सबसे बड़ी खुशी की बात है। अब दीवाली दोगनी खुशी के साथ मनाई जाएगी।