धर्मशाला। कांगड़ा जिला के गगल के 54 वर्षीय बलदेव सिंह पुत्र दिवंगत जमीत सिंह वार्ड नंबर पांच 3 अगस्त से लापता है। लापता की तलाश के लिए परिजन इधर-उधर भटक रहे हैं, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगी है। वहीं इस संदर्भ में परिजनों ने पुलिस थाना गगल में बलदेव सिंह की गुमशुदगी का मामला भी दर्ज करवा दिया है।
लापता बलदेव सिंह के बेटे सुरजीत ने बताया कि 3 अगस्त को उनके पिता घर पर ही थे, लेकिन शाम के करीब छह बजे के आसपास वह कहीं चले गए और उसके बाद वह वापस नहीं लौटे। सुरजीत सिंह ने बताया कि उसके पिता काम के चलते पहले भी दो से चार दिन के लिए घर से बाहर चले जाते थे, लेकिन इस बार वह 3 अगस्त को घर से निकले, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटे। बलदेव सिंह का मोबाइल भी घर पर ही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर लापता व्यक्ति की किसी को सूचना मिलती है तो वे इसकी जानकारी पुलिस थाना सहित उनके परिजनों को दें। इस संदर्भ में पुलिस थाना गगल के प्रभारी उद्यम सिंह ने बताया कि पुलिस गुमशुदा की तलाश में जुटी हुई है। ब्यूरो