रैत (कांगड़ा)। उपमंडल शाहपुर की बागड़ू पंचायत प्रधान प्रकाश चौधरी ने सरकार से बंद क्रशरों को शीघ्र चलाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि सभी प्रकार के विकास कार्य चाहे वह पंचायत स्तर, व्यक्तिगत या अन्य प्रकार के हों, वे पिछले दो-तीन माह से क्रशर बंद होने के कारण पूरी तरह बंद पड़े हैं। इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। चौधरी ने कहा कि क्रशर पर काम करने वालों को अपना परिवार का पालन पोषण करना मुश्किल हो गया है। उन लोगों की रोजी रोटी का यह मात्र एक ही साधन था वह भी उनसे छीन लिया। उन्होंने कहा कि सरकार एक तरफ रोजगार देने की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ मेहनत मजदूरी करने वालों का रोजगार भी छीन रही है। उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं पंचायतों में विकास कार्यों को करवाने का सीमेंट भी जाम हो गया है। उन्होंने कहा कि समाचार पत्रों के माध्यम से यह बात सरकार के पटल पर रख चुके हैं, लेकिन अनदेखा किया जा रहा है।