खुंडियां (कांगड़ा)। विधायक ज्वालामुखी संजय रत्न की अध्यक्षता में मंगलवार को लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह खुंडियां में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विधायक ने चंगर क्षेत्र के अंतर्गत 25 पंचायतों के 20 पटवार क्षेत्र के लोगों से सीधा संवाद करते हुए बिजली,पानी, डंगों, श्मशानघाट, सड़क मरम्मत, पंचायतीराज विभाग व राजस्व विभाग से संबंधित 190 समस्याओं को सुना और 100 का मौके पर ही समाधान किया। बची हुई 90 शिकायतों का एक महीने के भीतर निपटारा करने को संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। संजय रत्न ने कहा कि सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के माध्यम से जहां एक ओर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है, वहीं लोगों द्वारा रखी जा रही विभिन्न मांगों से क्षेत्र की आवश्यकताओं की जानकारी भी सरकार के समक्ष पहुंच रही है। इस अवसर पर एसडीएम ज्वालामुखी डॉ. संजीव शर्मा, तहसीलदार शिवानी भारद्वाज, खंड विकास अधिकारी अंशु चंदेल, उप पुलिस अधीक्षक राम प्रसाद जयसवाल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग विवेक शर्मा, बिजली बोर्ड करणवीर सिंह, जल शक्ति विभाग अनीश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और संबंधित पंचायत के प्रतिनिधि व काफी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।