इंदौरा/डमटाल /गंगथ( कांगड़ा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गगवाल में शनिवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र के विधायक मलेंद्र राजन ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। समारोह के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रधानाचार्य गुरनाम सिंह गुलेरी ने विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की। मुख्यातिथि मलेंद्र राजन ने क्षेत्र में करवाए जा रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जमटाल-कंडवाल वाया गगवाल-भदरोया सड़क पर 30 लाख रुपये की लागत से तारकोल बिछाने का कार्य पूरा करवा दिया गया है। इसके अतिरिक्त सड़क के उन्नयन के लिए दो करोड़ रुपये की धनराशि शीघ्र स्वीकृत करवाकर कार्य को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 25 हजार रुपये देने की घोषणा की। विद्यालय प्रबंधन की ओर से उठाई गई समस्याओं के समाधान का भी आश्वासन दिया। विधायक ने खेल, सांस्कृतिक एवं अकादमिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र व छात्राओं को सम्मानित किया।