लंबागांव (कांगड़ा)। जयसिंहपुर जोन की अंडर-19 छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बालकरूपी में जयसिंहपुर के विधायक यादविंद्र गोमा ने किया। प्रतियोगिता में जयसिंहपुर जोन के 24 स्कूलों की 246 छात्राएं भाग ले रही हैं। प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार ने मुख्यातिथि को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। विधायक ने बालकरूपी स्कूल में छह नए कमरों के निर्माण की घोषणा की और प्रत्येक स्कूल को अपनी ऐच्छिक निधि से 11-11 हजार रुपये देने की घोषणा की। स्टेज में टाइलें लगवाने के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से दो लाख रुपये देने की घोषणा की। स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। इस मौके पर जसवंत डढवाल, सुरेंद्र राणा, सिंकदर, नरेंद्र रनौत, प्रधानाचार्य मनोज शर्मा आदि मौजूद रहे।