धर्मशाला। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को मलां, डाढ, पठियार बाजार में विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के 15 सैंपल भरे। इन सैंपलों में रसगुल्ला, गुलाबजामुन, बादाम पेड़ा, सिंधी पेड़ा, सोन पापड़ी, कलाकंद और बेसन लड्डू आदि शामिल हैं। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा कांगड़ा डाॅ. सविता ठाकुर ने बताया कि त्योहारी सीजन के दौरान मिठाइयों की गुणवत्ता को सुनिश्चित करने के लिए पूरा जिले में अभियान को शुरू किया गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग का यह अभियान दिवाली तक जारी रहेगा।
इस अभियान के तहत पूरे जिले से सैंपल लिए जाएंगे। उन्होंने सभी मिठाई विक्रेताओं से आग्रह किया है कि वे ताजी और स्वच्छ मिठाइयां ही बेचें। सभी मिठाई विक्रेता एफएसएसएआई के तहत तय मानकों के अनुसार मिठाइयों को तैयार करें। मिठाइयों को तैयार करते समय केवल तय मानकों को पूरा करने वाले कलर को ही इस्तेमाल किया जा सकता है। नियमों का उल्लंघन करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।