ज्वालामुखी (कांगड़ा)। बैसाखी पर्व के उपलक्ष्य में ज्वालामुखी के बलारडू में 10 से 12 अप्रैल तक तीन दिवसीय महाकालेश्वर बैसाखी कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश सहित आसपास के राज्यों की नामी टीमें भाग लेंगी। आयोजन स्थल बलारडू चौक पर उद्घाटन समारोह 10 अप्रैल को दोपहर बाद तीन बजे होगा। इसके बाद ब्यास नदी के किनारे चल रहे बैसाखी मेले में 14 अप्रैल को महादंगल का आयोजन किया जाएगा। आयोजक रजनीश धवाला ने बताया कि प्रतियोगिता में जूनियर (55 किग्रां से कम) और सीनियर वर्ग की अलग-अलग प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। जूनियर वर्ग के विजेता को 11 हजार और उपविजेता को नौ हजार की नकद राशि प्रदान की जाएगी। वहीं, सीनियर वर्ग के विजेता को 31 हजार और उपविजेता को 20 हजार की इनामी राशि दी जाएगी। सभी खिलाड़ियों को अपना आधार कार्ड अथवा कोई अन्य पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। टीम परिवर्तन की अनुमति नहीं होगी और किसी प्रकार की चोट के लिए खिलाड़ी स्वयं जिम्मेदार होगा। निर्णायकों का निर्णय अंतिम माना जाएगा। टीमों को 10 अप्रैल तक पंजीकरण करवाना आवश्यक है।