धर्मशाला। तिब्बत की आजादी और सामूहिक एकजुटता का संदेश देने के उद्देश्य से तिब्बत यूथ कांग्रेस ने धर्मशाला में फ्लेम ऑफ यूनिटी अभियान (चिकद्रिल गी मेचे) का शुभारंभ किया। इस अभियान के तहत तिब्बती कार्यकर्ता लॉबगा रंगजेन का वह राष्ट्रीय ध्वज देश-विदेश के विभिन्न स्थानों तक पहुंचाया जाएगा जिसे उन्होंने दो जुलाई 2026 को न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के बाहर आत्मदाह से पहले फहराया था। कार्यक्रम में निर्वासित तिब्बती संसद की अध्यक्ष डोलमा त्सेरिंग तेखांग मुख्य अतिथि तथा शिक्षा विभाग के कार्यवाहक सिक्योंग कालोन उर्गेन तेंजिन विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। डोलमा त्सेरिंग ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष, गादेन फोद्रांग के सचिव और स्थायी समिति के सदस्यों सहित केंद्रीय तिब्बती प्रशासन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। ब्यूरो