लंबागांव (कांगड़ा)। लक्ष्मी नारायण युवा क्लब आलमपुर ठाकुरद्वारा की ओर से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन सोमवार को हो गया। पांच दिन तक चली इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की 32 टीमों ने भाग लिया। समापन समारोह में जयसिंहपुर के पूर्व विधायक रविंद्र धीमान मुख्यातिथि उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला लंबागांव और आलमपुर युवा क्लब की टीमों के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लंबागांव की टीम ने छह ओवर में 90 रन का लक्ष्य आलमपुर की टीम के सामने रखा। जवाब में आलमपुर की टीम निर्धारित छह ओवर में मात्र 70 रन ही बना सकी। शानदार प्रदर्शन के लिए विशाल उर्फ जट को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। मुख्यातिथि ने विजेता टीम को 11 हजार रुपये की नकद राशि-स्मृति चिह्न और उपविजेता टीम को 7100 रुपये और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। गांव-देहात के युवा खेलों में आगे बढ़ने की पूरी क्षमता रखते हैं, जरूरत है तो सिर्फ उन्हें सही मंच, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की। इस दौरान प्रीतम मेहरा, अशोक सूरी, सनी, अमित मेहरा, सिद्धार्थ सहित अन्य उपस्थित रहे। संवाद