पंचरुखी (कांगड़ा)। राज्य स्तरीय सलियाणा छिंज मेला में इस बार पहाड़ी फेम कुलदीप शर्मा और पुलिस बैंड द हारमनी ऑफ पाइंस मुख्य आकर्षण होंगे। पहली बार सलियाणा छिंज को मिले राज्य स्तरीय मेले में तीन सांस्कृतिक संध्याएं होंगी। एसडीएम पालमपुर एवं अध्यक्ष मेला समिति नेत्रा मेती ने बताया कि राज्य स्तरीय छिंज मेला सालियाणा में तीन सांस्कृतिक संध्या का आयोजन 30 से 1 अप्रैल तक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 30 मार्च को आयोजित होने वाली प्रथम सांस्कृतिक संध्या में नॉटी किंग कुलदीप शर्मा और अन्य कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। 31 मार्च को इशांत भारद्वाज लोगों को मनोरंजन करेंगे। 1 अप्रैल को द हारमनी ऑफ पाइंस हिमाचल पुलिस बैंड मुख्य आकर्षण रहेगा। इसके अतिरिक्त सांस्कृतिक संध्याओं में अन्य स्थानीय कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उन्होंने यह भी बताया कि प्रथम सांस्कृतिक संध्या के मुख्य अतिथि निर्देशक हिमालयन जैव विविधता प्रौद्योगिकी संस्थान पालमपुर डॉक्टर सुदेश कुमार यादव रहेंगे। 31 मार्च की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में कृषि विवि पालमपुर के कुलपति डॉ. डीके वत्स व एक अप्रैल को अंतिम सांस्कृतिक संध्या में अतिरिक्त उपायुक्त कांगड़ा सौरभ जस्सल बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। बड़ी माली आयोजन 2 अप्रैल को किया जाएगा और इसी दिन मेले का समापन होगा।