ज्वालामुखी (कांगड़ा)। शक्तिपीठ ज्वालामुखी में चैत्र नवरात्र मनाए जा रहे हैं और देश के कौने-कौने से भक्त पवित्र धाम में ज्योतियों के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। सात नवरात्र तक बिना किसी परेशानी से श्रद्धालु मंदिर में दर्शन कर पाए हैं।
पुजारी राहुल शर्मा, धवल कौशिक ने बताया कि मंदिर में सप्तमी पर कालरात्रि माता का पूजन किया गया। सोमवार को मंदिर में करीब 12 हजार श्रद्धालुओं ने माता की पवित्र ज्योतियों के दर्शन किए। पुजारी वर्ग, मंदिर अधिकारी मनोहर लाल शर्मा और एसडीएम डॉ. संजीव शर्मा ने सभी प्रदेश वासियों को सप्तमी नवरात्र की शुभकामनाएं दी हैं। सप्तमी पर 21 घंटे मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खुला रहा। केवल आरती के दौरान गर्भ गृह को बंद रखा गया।
बाहरी राज्यों यूपी, इलाहाबाद, मथुरा से आए हुए श्रद्धालु नितिन, राजेश, रामशरण और दिवाकर आदि ने बताया कि सोमवार को सप्तमी के दिन माता ज्वाला के दर्शन हुए और सुविधाजनक हुए। प्रशासन की ओर से अच्छे इंतजाम किए गए है। ज्वालामुखी मंदिर अधिकारी मनोहर लाल शर्मा ने बताया कि छठे नवरात्र पर श्रद्धालुओं की ओर से नौ लाख 72 हजार 112 रुपये नकद अर्पित किए गए।