कांगड़ा के समेला में लाेगाें की समस्याएं सुनने के बाद सामूहिक चित्र में विधायक पवन कालज व अन्य।
कांगड़ा। जनसंपर्क अभियान के दाैरान रविवार काे प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं विधायक पवन काजल समेला पंचायत पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष पीने के पानी की सप्लाई सप्ताह में एक या दो बार आने की समस्या रखी। काजल ने कहा कि चंगर क्षेत्र में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान को उन्होंने 25 करोड़ रुपये की पेयजल योजना विधायक प्राथमिकता योजना के अंतर्गत स्वीकृत करवाई है, लेकिन अधिकारियों कि नकारात्मक कार्यप्रणाली के चलते 10 वर्षाें में यह पेयजल योजना सफेद हाथी साबित हो रही है। हालांकि उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक के उपरांत 30 नवंबर तक पेयजल योजना को बहाल करने का आश्वासन विभाग ने दिया है। उन्हाेंने कहा कि अगर निर्धारित समय में पेयजल समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह ग्रामीणों को साथ लेकर अनशन शुरू करेंगे।