जसूर-काथल-गंगथ सड़क के खस्ताहाल। संवाद
गंगथ (कांगड़ा)। जसूर से काथल होते हुए गंगथ तक जाने वाले संपर्क मार्ग की हालत खस्ता है। भारी बरसात के बाद सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और उखड़ी बजरी के कारण वाहन चालकों व राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दैनिक आवाजाही वाले इस मार्ग पर गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय निवासियों मुकेश, सन्नी, जगदेव और विकास ने लोक निर्माण विभाग से सड़क की तुरंत सुध लेने की मांग की है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के एसडीओ उमिंद्र सिंह ने बताया कि जसूर-काथल-गंगथ सड़क की मरम्मत का कार्य एक से दो दिन के भीतर शुरू करवा दिया जाएगा। इससे लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। संवाद