बैजनाथ (कांगड़ा)। डीएसपी बैजनाथ अनिल शर्मा ने बुधवार के स्थानीय बाजार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बस अड्डे और बाजार के व्यापारिक प्रतिष्ठानों के मालिकों को अपना सामान और बोर्ड आदि निकासी नालियों के ऊपर न रखने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि आगामी तीन दिन के अंदर ऐसे दुकानदार अपने-अपने सामान को उचित जगह पर रखने की व्यवस्था कर लें।
डीएसपी ने कहा कि तीन दिन के बाद दुकानों के बाहर रखे सामान को कानून के तहत उठा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाजार में आए दिन जाम की स्थिति पैदा हो रही है और इस जाम की समस्या से निपटने के लिए सभी लोगों को पुलिस का सहयोग करना होगा। उन्होंने कहा कि इस जाम के कारण बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों तथा अन्य लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पपरोला बाजार में भी इस प्रकार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बस अड्डे और उसके बाहर के क्षेत्र में दुकानदार अपने सामान को निकासी नालियों पर और सड़क के किनारे रखते हैं और इसके चलते जाम की स्थिति बन रही है। डीएसपी अनिल ने कहा कि सामान के अंदर रखने पर खरीदारी करने आए ग्राहक भी अपने छोटे वाहनों को कुछ समय के लिए आसानी से पार्क कर सकेंगे।