धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में पर्यटन विकास के लिए करीब दो हजार करोड़ रुपये की एडीबी प्रायोजित परियोजना को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सदन में बताया कि पर्यटन के विकास के लिए प्रदेश के पास पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। ऐसे में यहां टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनाने और पुरानी को विकसित करने के लिए एक परियोजना तैयार की थी। केंद्र सरकार ने 2095 करोड़ की एडीबी की इस परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना को अगले सात वर्ष क्रियान्वित किया जाना है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत पर्यटन की दृष्टि से जरूरी शहरों के सौंदर्यीकरण, ऐतिहासिक एवं धरोहर स्थलों का विकास, साहसिक खेलों का प्रोत्साहन आदि किया जाना है। वहीं, सदन में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बताया कि धर्मशाला में अंतरराष्ट्रीय स्तर का कन्वेंशन सेंटर बनाया जाएगा। 150 से 200 करोड़ की इस परियोजना की जल्द ही डीपीआर बना ली जाएगी।