भरमाड़ के वार्ड नं-4 सुघाल में नलकों से पानी के साथ-साथ कीड़े
जवाली (कांगड़ा)। उपमंडल जवाली की पंचायत भरमाड़ के वार्ड नंबर-4 सुघाल में नलों से पानी के साथ-साथ कीड़े भी सप्लाई हो रहे हैं। नलों से पानी के साथ कीड़े निकलने से लोग काफी हताश हैं और इस पानी को पीने से लोगों को कोई भी बीमारी हो सकती है। सुघाल वासियों ने बताया कि जब रविवार को पानी की सप्लाई हुई तो नलकों के नीचे रखे बर्तनों में पानी के साथ-साथ कीड़े भी निकले, जिनको देखकर सुघाल वासियों को संक्रमण फैलने का डर है।
लोगों ने कहा कि यह पानी पीने के लायक नहीं है। प्रतीत होता है कि जिस टैंक से हमें पानी आ रहा है उसकी सफाई नहीं हुई हो और वहां से ही पेयजल के साथ कीड़े आ रहे हैं। इससे पहले इसी गांव में मिट्टी युक्त मटमैला पानी आता रहा, जिसको विभाग ने ठीक किया था। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग लोगों को साफ पेयजल मुहैया करवाने का दावा करता है लेकिन पानी में कीड़े आने से इन दावों की पोल खुल गई। लोगों ने कहा कि समस्या हल नहीं हुई तो हम यह पानी बोतलों में भरकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और जल शक्ति मंत्री मुकेश अग्निहोत्री को भेजेंगे।
जल शक्ति विभाग जवाली के सहायक अभियंता पवन कौंडल ने बताया कि मुझे इसकी जानकारी मिली है। जेई को भेजकर इसकी जांच करवाई जाएगी।