धर्मशाला। सदर थाना धर्मशाला के अंतर्गत शीला चौक स्थित पेट्रोल पंप से पिछले माह चोरी हुई इनोवा कार को धर्मशाला पुलिस ने हरियाणा से बरामद कर लिया है। शीला चौक से इनोवा को चोरी कर आरोपियों ने हरियाणा में बेचा था और हरियाणा निवासी ने ही इसे खरीदा था। कार के खरीदार को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिसे धर्मशाला लाया गया है। आरोपी खरीदार को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया जहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
वहीं, शीला चौक से कार को चुराने वाले आरोपी केवल और अमित राणा को 14 दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजा गया है। पुलिस ने मामले में पहले जौंटा निवासी केवल को सिहूंता से गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उसके साथी अमित राणा को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी अमित राणा पूर्व में चंबा के जोत में स्वयं की मौत का नाटक कर चुका है और कुछ समय पहले पठानकोट में बच्चे के किडनैपिंग मामले में भी संलिप्त है।
उधर, एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि शीला चौक से चोरी गाड़ी को हरियाणा से बरामद कर लिया है और खरीदार हरियाणा निवासी विजय को गिरफ्तार कर धर्मशाला लाया गया है। खरीदार को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है जबकि चोरी करने के मुख्य आरोपियों केवल और अमित को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।