बैजनाथ (कांगड़ा)। पपरोला के खूह बाजार में रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान में एक महिला ग्राहक के बैग से 18 हजार की नकदी के चोरी होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार वीरवार दोपहर करीब 12 बजे एक गारमेंट की दुकान से शातिर महिलाओं ने पर्स से नकदी चुरा ली। दुकान के मालिक कपिल सूद ने बताया कि उनकी दुकान में महिला ग्राहक सामान लेने आई थी। इतने में शातिर दो महिलाएं एक लड़की के साथ उनकी दुकान पर आईं व महिला के साथ बैठ गईं। थोड़ी देर बाद वे महिलाएं बिना कुछ सामान खरीदे पूछताछ करने के बाद वहां से चली गईं। इसके बाद चौबीन से आई महिला ग्राहक ने जैसे ही दुकानदार को रुपये देने के लिए बैग से पर्स निकालना चाहा तो पर्स गायब हो चुका था। दुकानदार ने जब सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो पता लगा कि शातिर महिलाओं ने पर्स गायब कर दिया था। लोगों का मानना है कि ये शातिर महिलाएं किसी गिरोह से जुड़ी हुई हो सकती हैं, जिन्होंने महिला को भनक तक नहीं लगने दी कि कब बैग से पर्स निकाल लिया। वहीं दुकान के मालिक ने बताया कि पुलिस में इस मामले को लेकर शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है।