भवारना (कांगड़ा)। स्थानीय पुलिस ने सोमवार देर रात गश्त के दौरान वाहनों की जांच करते हुए बोलेरो पिकअप से भारी मात्रा में देसी शराब बरामद की है। इस जीप में चालक कृष्ण कुमार निवासी गांव थलेहड़, डाकघर गगल खोली तहसील धीरा और अजय कुमार निवासी गांव व डाकघर वरडाम तहसील जयसिंहपुर सवार थे। जीप की तलाशी लेने पर मौके पर 58 पेटी देसी शराब बरामद की गई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय धर्मशाला की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि मौके पर जीप सवार शराब के बारे में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और वाहन व शराब को जब्त कर लिया। पुलिस थाना भवारना में आबकारी अधिनियम के अंतर्गत आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया है। संवाद