कोटला (कांगड़ा)। जवाली विधानसभा क्षेत्र के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भाली के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान मंत्री ने स्कूल मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कृषि और पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से स्कूलों में आपसी प्रतिस्पर्धा का माहौल तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित हर श्रेणी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 10 स्कूलों को राज्य स्तर तथा जिला स्तर पर पांच-पांच स्कूलों को पुरस्कृत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में गरीब परिवारों के बच्चे पढ़ते हैं और उन्हें चिंता है कि आज सरकारी स्कूलों से बच्चों का पलायन हो रहा है। इसके कारण प्रदेश के कई स्कूल बंद होने की कगार पर है। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने आप और अभिभावकों में आत्मविश्वास पैदा करने के साथ अपनी शिक्षण विधि में रचनात्मक बदलाव करें ताकि स्कूलों से बच्चों का पलायन रुक सके। कृषि मंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने स्कूल में हैंडपंप लगाने के लिए जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को स्कूल की अन्य मांगों को भी पूरा करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाचार्य अनामिका चौधरी ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और स्कूल की विभिन्न उपलब्धियों का ब्योरा प्रस्तुत किया।