धर्मशाला। हिमाचल पथ परिवहन निगम की कर्मशालाओं में कार्यरत पीसमील कर्मचारी अपनी अनुबंधत्ता की मांग को लेकर तपोवन पहुंचे। हिमाचल परिवहन तकनीकी कर्मचारी संगठन के मंडलीय प्रधान संजीव कुमार ने कहा कि निगम कर्मशालाओं में वर्तमान में करीब 77 पीसमील कर्मचारी पिछले 8-9 वर्ष से कार्यरत हैं, लेकिन अभी तक इन्हें अनुबंध पर परिवर्तित नहीं किया गया है। इसके चलते पीसमील कर्मचारी अपने उज्ज्वल भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि इनसे पूर्व में लगे सैकड़ों पीसमील कर्मचारियों को अनुबंध पर परिवर्तित और नियमित भी कर लिया गया है, लेकिन अन्य के लिए रिक्त पद न होने के कारण इन पीसमील वर्करों का अनुबंध नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम में वर्तमान में कर्मशाला के आरएंडपी नियमों के अनुसार वर्कशॉप हेल्पर के रिक्त पद तो नहीं है, लेकिन कनिष्ठ तकनीशियन के रिक्त पदों पर पीसमील कर्मचारी अनुबंध में परिवर्तित हो सकते हैं। इस दौरान मनीष, नेक चंद, पंकज, अशोक, कपिल सहित 30 के करीब कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद