ज्वालामुखी के नजदीक टायर पंचर होने से खड़ी एचआरटीसी की बस।
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों की खस्ता हालत के कारण आए दिन यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं, लंबे सफर पर चलने वाली बसों में टूल किट तक उपलब्ध नहीं हैं। मंगलवार को धर्मशाला से देहरादून जा रही बस का ज्वालामुखी बस अड्डा के 800 मीटर की दूरी पर टायर पंचर हो गया, लेकिन टायर बदलने के लिए बस में पाना, जैक आदि भी उपलब्ध नहीं थे। इस वजह से करीब दो किलोमीटर दूर से मैकेनिक को टायर बदलने के लिए बुलाना पड़ा। इस वजह से गर्मी में यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। करीब 35 मिनट बाद बस वहां से अपने गंतव्य के लिए चली।
जानकारी के अनुसार शाम 4 बजकर 55 मिनट पर एचआरटीसी की बस ज्वालामुखी बस स्टैंड से महज 800 मीटर की दूरी पर हांफ गई। वहां पर बस का टायर पंचर हो गया। बस धर्मशाला से देहरादून जा रही थी कि शाम को 4:55 बजे पर ज्वालामुखी बस स्टैंड से निकलते ही कुछ दूरी पर बंस का टायर पंचर हो गया। लेकिन बस में टायर बदलने का सामान भी उपलब्ध नहीं था। एक सवारी ने बताया कि बस शाम 3:40 बजे कांगड़ा से चली थी और 4 बजकर 50 मिनट के लगभग ज्वालामुखी बस स्टैंड पर पहुंची। उसके बाद जैसे ही बस ज्वालामुखी बस स्टैंड से निकली यह महज 800 मीटर की दूरी पर नादौन मार्ग पर बस का अगला टायर पंचर हो गया। उमस भरी गर्मी में बस खराब होने और टायर बदलने में देरी होने के कारण सवारियों को परेशानी उठानी पड़ी। बस में मौजूद ड्राइवर और कंडक्टर टायर बदलने के लिए फोन करते नजर आए। हिमाचल परिवहन निगम के लंबे रूट की बस में एक जैक-पाना न होना कहीं न कहीं लापरवाही का मामला है, जिसका खमियाजा बस में सवार सवारियों ने झेला।
उधर, आरएम धर्मशाला साहिल कपूर ने बताया कि लंबे रूट की सभी बसों में जैक-पाना सहित सारा सामान होता है। अगर फिर भी ऐसा हुआ है तो मामले की जांच की जाएगी।