देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। भाजपा देहरा की बैठक मंगलवार को पार्टी कार्यालय देहरा में आयोजित की गई। बैठक में भाजपा की टिकट मिलने के बाद पहली बार होशियार सिंह भी बैठक में पहुंचे। बैठक में होशियार सिंह ने भाजपा कार्यकर्ताओं से माफी मांगते हुए कहा कि यदि उनसे निर्दलीय विधायक रहते उनके शब्दों से ठेस पहुंची हो तो वह माफी मांगते हैं। उन्होंने कहा कि उस समय उनकी मजबूरियां थीं, क्योंकि वह न तो भाजपा के और न ही कांग्रेस में शामिल थे।
अब वह भाजपा के कार्यकर्ता हैं और मिलजुल कर भाजपा के देहरा हलके से जिताएंगे। कांग्रेस पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री की पत्नी को टिकट देने पर होशियार सिंह ने कहा कि यह देहरा की मातृशक्ति और लोगों के साथ धोखा है। कांग्रेस पार्टी बाहर के लोगों को देहरा की जनता पर थोंपती रही है। उन्होंने कहा कि फैसला आपके हाथों में कि देहरा को बचाना है या बेचना है। विधायक पद से इस्तीफा देने के मामले पर भाजपा प्रत्याशी होशियार सिंह ने कहा कि सुक्खू सरकार में उनके कार्य नहीं हो रहे थे और उन्हें सीएम से मिलने के लिए दो-दो माह का इंतजार करना पड़ता था।
यदि मैं देहरा की जनता के कार्य करवाने में सक्षम नहीं हूं तो मुझे कुर्सी पर बैठने का कोई अधिकार नहीं हैं। होशियार सिंह ने कहा कि सीएम हर समय यह कहते रहते हैं कि सरकार के पास पैसे नहीं हैं तो हम विकास कैसे करवाएंगे। पिछले 15 माह में देहरा को कुछ नहीं मिला। इस कारण कई योजनाएं ठप होकर रह गईं, लेकिन अब केंद्र में मोदी सरकार तीसरी बार बन गई है। केंद्र के जरिए जो भी पैसा मिलेगा। उससे देहरा का विकास करवाया जाएगा। इस मौके पर चुनाव प्रभारी विपिन परमार और बिक्रम ठाकुर भी उपस्थित रहे।