बैजनाथ (कांगड़ा)। उतराला-होली सड़क निर्माण चिंतन समिति ने संसद में सड़क के विषय में चर्चा करने पर लोकसभा सांसद राजीव भारद्वाज का धन्यवाद किया है। दो विधान क्षेत्रों बैजनाथ और भरमौर की जनता की वर्षों पुरानी मांग है कि उतराला-होली सड़क का निर्माण हो। दशकों बीत जाने के बाद भी सड़क का निर्माण कार्य वहीं का वहीं रुका पड़ा है। चिंतन समिति ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि उतराला-होली सड़क को एनएचएआई को सौंपा जाए और उसके तहत निर्माण करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाए ताकि वर्षों से लंबित पड़ी इस सड़क के निर्माण का रास्ता साफ हो सके। समिति ने कहा कि सड़क निर्माण के नाम पर राजनीतिक दल सिर्फ मुद्दा उठाते हैं और अपनी रोटियां सेंकने तक सीमित रह जाते हैं। सड़क निर्माण के मुद्दे पर जो भी व्यक्ति चाहे वह बैजनाथ का हो या भरमौर, होली का हो, राजनीति करेगा तो उसे बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैजनाथ विधानसभा के अंतर्गत 13 किलोमीटर सड़क का निर्माण होना था जो कि पिछले साल अप्रैल माह में पूरा किया जाना था। हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग इस बारे में जवाब दे कि संबंधित ठेकेदार से क्या स्टेटस रिपोर्ट ली गई। चिंतन समिति ने कुछ लोगों को आगाह किया है कि 13 किलोमीटर सड़क जो मौका पर तय मानदंड के हिसाब से बनी ही नहीं, उस सड़क को बना हुआ बताने का डिजाइन करना बंद करें अन्यथा उनका घेराव किया जाएगा।