बड़ा भंगाल से बीमार नानक चंद को ग्रामीणों चंबा के रास्ते पर पैदल लेकर आते हुए।
बैजनाथ (कांगड़ा)। जिला कांगड़ा की सबसे दुर्गम पंचायत बड़ा भंगाल में बीमार व्यक्ति को दूसरे दिन भी एयरलिफ्ट नहीं किया जा सका। इसके चलते 50 वर्षीय नानक चंद को शुक्रवार दोपहर बाद बड़ा भंगाल से चंबा के नया ग्रां के पैदल रास्ते से दरगू तक पहुंचा दिया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने बीमार को पांच घंटे तक उठाकर करीब 18 से 20 किलोमीटर का सफर तय किया। इसके बाद दरगू से नानक चंद को एंबुलेंस में प्राथमिक उपचार देने के बाद चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक भेड़ पालक नानक चंद बड़ा भंगाल से 25 किलोमीटर दूर रह रहा था और बीमार होने पर गत बुधवार को उसे बड़ा भंगाल लाया गया था। पंचायत प्रधान मनसा राम ने इस बीमार को हेलीकॉप्टर उपलब्ध करवाने का आग्रह किया था, लेकिन मौसम की बेरुखी के चलते वीरवार को हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। इसके चलते शुक्रवार सुबह बड़ा भंगाल से पालकी में नानक चंद को दुर्गम पैदल रास्ते से पांच घंटे का सफर तय करके दरगू गांव तक पहुंचाया गया। इस कार्य में उपप्रधान संजय कुमार, वार्ड पंच गीता राम, वार्ड गोरख राम, संतोष कुमार, विश्वजीत, मनसा राम, हेमराज, रणजीत, राजकुमार, मनोज कुमार, मुनीष कुमार, सुनील, बाबू राम, चुहड़ सिंह, सुभाष, चमारु राम, संत राम, सरन दास और संतोषी ने सहयोग किया। पंचायत प्रधान मनसा राम ने मुख्य संसदीय सचिव किशोरी लाल, एसडीएम देवी चंद ठाकुर और जिलाधीश का आभार व्यक्त किया है।