गगल (कांगड़ा)। प्रदेश में कार्यरत सिलाई अध्यापिकाओं की बढ़ी हुई दैनिक दिहाड़ी की अधिसूचना जारी होने पर समस्त सिलाई अध्यापिकाओं में खुशी की लहर है। प्रदेश अध्यक्ष सिलाई-कढ़ाई कर्मचारी संघ हिमाचल सुनीता राणा ने प्रदेश की सभी सिलाई अध्यापकों की ओर से सरकार का आभार व्यक्त किया है। राणा ने कहा कि इस अधिसूचना से सिलाई अध्यापिकाओं को प्रदेश सरकार ने राहत प्रदान की है। सिलाई अध्यापिकाओं ने सरकार से मांग की है कि जिन सिलाई अध्यापिकाओं के दैनिक कार्य के तीन वर्ष पूरे हो चुके हैं, उन्हें शीघ्र नियमित किया जाए। इनकी सेवा अवधि की आयु 60 वर्ष की जाए। इस मौके पर पुष्पा पठानिया, मीना कुमारी, सीमा धीमान और राजकुमारी सहित कई सिलाई अध्यापिकाएं मौजूद रहीं। संवाद