धर्मशाला। केंद्रीय विद्यालय धर्मशाला छावनी के छात्रों ने अपने साथी छात्र के इलाज के लिए 1,72,550 रुपये इकट्ठा कर मदद की। यह कदम स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों के नेतृत्व में उठाया गया। स्कूल का नौवीं कक्षा का छात्र कई दिनों से गंभीर बीमारी से पीड़ित था और डॉक्टरों ने इलाज के लिए लगभग 10 लाख रुपये की आवश्यकता बताई थी। इस स्थिति को देखते हुए स्कूल प्रधानाचार्य सुनील चौहान ने अपने अध्यापकों के सहयोग से स्कूल के 500 से अधिक छात्रों के अभिभावकों से मदद की अपील की। इस अपील पर अभिभावकों ने बच्चों के माध्यम से अपनी इच्छा अनुसार योगदान दिया, जिससे कुल राशि 1,72,550 रुपये जुटाई गई। वीरवार को स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष कर्नल अविनाश मोंगल और प्रधानाचार्य सुनील चौहान ने यह धनराशि छात्र के पिता विजय कुमार को सौंपते हुए लोगों से आगे आने और सहयोग देने की अपील की। इस अवसर पर अध्यापक पीजीटी इंग्लिश चमन लाल, किरण कुमारी और मनीषा चंद भी उपस्थित रहे।