सिविल अस्पताल ज्वालामुखी में पागल कुत्ते का शिकार हुई 72 वर्षीय महिला व्हील चेयर पर।
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। विधानसभा क्षेत्र ज्वालामुखी के चंगर इलाके की पंचायत सुरानी में लावारिस कुत्तों का आतंक है। यहां पर लगभग आधा दर्जन लोग इनका शिकार हो चुके हैं। सिविल अस्पताल ज्वालामुखी में शनिवार को 72 वर्षीय दानो देवी को उनके परिजन व्हील चेयर पर डॉक्टर के पास इलाज के लिए लेकर पहुंचे। उनको शरीर के कई भागों में कुत्तों ने नोच डाला है। सिविल अस्पताल ज्वालामुखी में मौजूद डॉक्टरों ने उनका इलाज किया और इंजेक्शन लगाए। इसके अलावा एक 11 वर्षीय लड़की सेज को भी उसके माता-पिता सिविल अस्पताल ज्वालामुखी लेकर पहुंचे थे। उसकी टांग पर कुत्तों ने काटा था। उसके पिता ने बताया कि लावारिस कुत्तों ने लगभग आधा दर्जन लोगों को काट खाया है। इस वजह से लोगों में खौफ देखा जा रहा है। लोग घरों से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं। सुरानी पंचायत के पूर्व प्रधान प्रताप सिंह राणा ने बताया कि लावारिस कुत्तों ने और भी अन्य कई जानवरों को काटा है। इससे लोगों में दहशत है। उन्होंने विधायक संजय रत्न से आग्रह किया है कि यहां पर पशुपालन विभाग और प्रशासन की एक टीम भेजी जाए जो इन लावारिस कुत्तों से लोगों को निजात दिला सके। विधायक संजय रतन ने इस संदर्भ में प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि लोगों की समस्या का शीघ्र हल किया जाए।