बैजनाथ (कांगड़ा)। सहायक आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी विभाग बैजनाथ सर्किल ने जीएसटी चोरी का एक बड़ा मामला पकड़ा है। इसमें सौ प्रतिशत जुर्माना वसूल किया गया है। इस क्षेत्र में जीएसटी चोरी का यह एक बड़ा मामला है। इस मामले को हिमाचल प्रदेश में गुजरात से आ रही ग्लेज्ड टाइल्स के एक बड़े गोरखधंधे से भी जोड़कर जांच की जा रही है। सहायक आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी विभाग बैजनाथ एसडी शर्मा ने बताया कि गुजरात का मोरबी इन टाइल्स के कारोबार का एक बड़ा स्थान है। यहां से पालमपुर और बैजनाथ के बीच 77 मील (पढ़ियारखर) के समीप गुजरात के मोरबी से एक मल्टी एक्सल ट्राले में 31 टन ग्लेज्ड विट्री फाइड टाइलें भेजी गईं। इनकी कीमत 2,53,668 रुपये बताई गई तथा मोरबी गुजरात से यहां तक 31 टन टाइलों का भाड़ा केवल 55 हजार रुपये दर्शाया गया। सहायक आयुक्त द्वारा जांच करने पर पाया गया कि वास्तविक किराया 90 हजार रुपये दिया गया और माल की वास्तविक लैंडिंग कीमत 5,45,215 रुपये है। इस तरह एक ही ट्राले में 42,452 रुपये की जीएसटी की चोरी पकड़ी गई। सहायक आयुक्त एसडी शर्मा ने बताया कि चोरी की गई जीएसटी पर सौ प्रतिशत जुर्माना लगाकर कुल 84,904 रुपये जुर्माने के रूप में वसूल किए गए। उन्होंने बताया कि बैजनाथ सर्किल में इस वित्तीय वर्ष में फरवरी तक पिछले वर्ष की तुलना में जीएसटी तथा गैर जीएसटी राजस्व में 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।